सीएम सुक्खू का मंडी दौरा आज, नेरचौक में 'रोबोटिक सर्जरी सुविधा' का करेंगे शुभारम्भ
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज मंडी जिले के एक दिवसीय दौरे पर है। इस दौरान मुख्यमंत्री मंडी जिले को करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरे का मुख्य आकर्षण स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई क्रांति का आगाज और नाचन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास व उद्घाटन होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह शिमला से हैलीकॉप्टर के माध्यम से सुंदरनगर पहुंचें। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। सुंदरनगर में लैंड करने के बाद वे सड़क मार्ग द्वारा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए प्रस्थान करेंगे। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मुख्यमंत्री ऐतिहासिक पहल करते हुए 'रोबोटिक सर्जरी सुविधा' का विधिवत उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन समारोह के पश्चात मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों के साथ एक अहम बैठक भी करेंगे। इस दौरान संस्थान की भविष्य की योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर चर्चा की जाएगी। नेरचौक के बाद दोपहर के समय मुख्यमंत्री नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी पहुंचेंगे। यहां सीएम क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद पुनः सुंदरनगर पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के माध्यम से राजधानी शिमला के लिए रवाना हो जाएंगे।
