दाड़लाघाट : सड़क की हालत खस्ता, ठेकेदार और विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
अधिकारियाें ने नाकामी छुपाने के लिए राेया काेविड का राेना
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट
दाड़लाघाट से पिपलूघाट बाया काकडा संपर्क पर कुछ दिनों पूर्व की गई मेटलिंग उखड़ना शुरू हो गई है। लोग ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। तीन किलोमीटर तक मेटलिंग कार्य किया है, पर प्रॉपर ड्रेनेज न होने की वजह से बारिश का पानी सड़क में इकट्ठा हो जाता है और सड़क जगह-जगह पर खराब हो रही है। एक जगह पूरी तरह से उखड़ चुकी मैटलिंग की जगह गटका भर दिया गया है। कच्ची छोड़ दी गई सड़क के एक भाग में बारिश का पानी इकठ्ठा हो जाता है और सड़क तालाब में तबदील हो जाती है, जिसकी वजह से वाहन चालकों को परेशानी और हादसों का सामना करना पड़ रहा पड़ रहा है। प्रधान ग्राम पंचायत सूरजपुर ओम प्रकाश शर्मा और स्थानीय लोगों में जगदीश, अजय, अंकुर व अनिल ने बताया कि तीन किलोमीटर सड़क पर मेटलिंग कार्य के चलते छ दिनों तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई थी। रोजाना शैक्षणिक संस्थानों और कार्यालय जाने वाले लोगों की भारी असुविधा का सामना करना पड़ा था। अगले तीन किलोमीटर के कार्य के दौरान फिर वाहनों की आवाजाही बंद रखी जाएगी और लोगों को फिर असुविधा झेलनी पड़ेगी।
अच्छा होता अगर विभाग पूरे काम को एक ही बार में पूरा करवा देता। बरसात में सड़क पर सफर करने वालों की सुरक्षा और सुविधा रोजाना दाव पर लग रही है। लोगों का आरोप हैं कि लोक निर्माण विभाग ठेकेदारों की सुविधा के अनुसार चल रहा है, पर जिस जनता के लिए सड़क बन रही है, उसकी सुविधा और सुरक्षा की किसे फिक्र नहीं है। लगभग छ किलोमीटर की इस सड़क को दो सन्युक्त ठेकेदार मिलकर भी निर्धारित समय तक नहीं बना पा रहे हैं। हालांकि इसकी एक्सटेंनशन के लिए विभाग कोविड को वजह बता रहा है। सड़क का कार्य 23 जून, 2020 को शुरू हुआ था, जिसे 23 अगस्त, 2021 तक पूरा किया जाना था, लेकिन एक वर्ष से ऊपर हो चुका हैं। दो ठेकेदार मिलकर भी छह किलोमीटर कार्य को समय पर पूरा नहीं कर पाए। सड़क के कार्य में हो रही देरी की वजह से स्थानीय लीगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क की खस्ताहालत और इससे उड़ने वाली भारी धूल से भी वाहन चालक परेशान है। सड़क से सटे घरों में रह रहे लोगों को धूल फांकनी पड़ रही है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार सड़क पर धूल से बचाव के लिए पानी का भी छिड़काव नहीं करता है। खराब सड़क की वजह से रोज दाड़लाघाट जाने वाले नोकरी पेशा और कारोबारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल दाड़लाघाट के सहायक अभियंता बलिराम कश्यप के अनुसार कोविड की वजह से सड़क का कार्य समय पर पूरा नहीं कर पाए हैं। सड़क में अभी पानी की निकासी के लिए नालिया बननी बाकी है। सड़क के कार्य को जल्द पूरा करने की कोशिश है। इसी सीजन में सितंबर से मेटलिंग के शेष कार्य को शुरू कर दिया जाएगा।
