कांग्रेस पार्टी ब्लॉक स्तर पर करेगी धरना प्रदर्शन : अंजना धीमान
कांग्रेस पार्टी जिला बिलासपुर की अध्यक्षा अंजना धीेमान ने बताया कि आगामी 2 अक्टूबर को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठोर के निर्देशानुसार बिलासपुर में सभी ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिल के ख़िलाफ़ धरना प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ज़बरन कृषि बिल को पास करके किसान की आत्मा पर गहरी चोट की है, केंद्र सरकार के ऐसे तानाशाही रवैये के ख़िलाफ़ कांग्रेस पार्टी जिला बिलासपुर के चारों ब्लाक अपने अपने स्तर पर 2 अक्टूबर को विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही उसी दिन सुबह 10:30 बजे जिला कार्यालय बिलासपुर में सभी कार्यकर्ता एकत्रित होकर महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
अध्यक्षा धीमान ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के तमाम पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, इंटक व सभी कार्यकर्ता अपने अपने ब्लॉक स्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा ज़्यादा से ज़्यादा जन भागीदारी को विशाल धरने में सुनिश्चित करें।