अवैध रूप से होर्डिंग लगाने वालों के विरुद्ध निगम करेगा कार्रवाई
नगर निगम की बिना अनुमति विज्ञापन होर्डिंग लगाने वालों के विरुद्ध निगम कार्रवाई करेगा। जगह-जगह अवैध रूप से लगे विज्ञापन होर्डिंगों को हटाने के लिए निगम अभियान शुरू करेगा। अभियान के दौरान न केवल अवैध रूप से लगे होर्डिंग, विज्ञापन बैनर व अवैध विज्ञापन सामग्री को हटाया जाएगा बल्कि नियम उल्लंघनकर्ता के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान से पूर्व नगर निगम की टीम ने शहर का सर्वे किया था। सर्वे के दौरान करीबन 180 अवैध होर्डिंग्स पाई गई। सर्वे के आधार पर नगर निगम ने अवैध होर्डिंग लगाने वाले लोगों को नोटिस जारी कर दिया है। इनके साथ ही होर्डिंग हटाने के लिए 7 दिन की मौहलत दी है। ऐसे में यदि लगाए गए होर्डिंग्स नही हटाए गए तो नगर निगम द्वारा हटाया जाएगा।
निगम आयुक्त प्रशांत सिरकेक ने बताया कि जहां भी अवैध होर्डिंग लगे पाए जाएंगे, उनको हटाने के साथ संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को अवैध होर्डिंग, अवैध विज्ञापनों को हटाने के निर्देश दिए है।