मंडी में सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती, ढाबों और होटलों से जब्त किए 50 घरेलू सिलेंडर
मंडी जिले में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विभिन्न ढाबों और होटलों पर छापेमारी कर 50 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। पवन कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग अब तक 400 से अधिक स्थानों का निरीक्षण कर चुका है। जब्त किए गए सिलेंडरों में धर्मपुर क्षेत्र से 3, गोपालपुर ब्लॉक से सर्वाधिक 34, सुंदरनगर से 2 और मंडी अर्बन व सदर क्षेत्र से 11 सिलेंडर शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है, जिससे आम उपभोक्ताओं की आपूर्ति प्रभावित होती है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई ढाबा और होटल संचालक घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे न केवल नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि सुरक्षा मानकों से भी समझौता किया जा रहा है। इसी के मद्देनजर विभाग ने सख्ती बरतते हुए यह कार्रवाई की है। खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने ढाबा और होटल मालिकों से अपील की है कि वे केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की अदला-बदली और दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिन पर विभाग कड़ी नजर बनाए हुए है।
