3 वर्षों से अपने खुद के भवन की प्रतीक्षा कर रहा दाड़लाघाट डिग्री कॉलेज
दाड़लाघाट डिग्री कालेज पिछले 3 वर्षों से अपने खुद के भवन की प्रतीक्षा कर रहा है। इतने वर्षों बाद आज भी महाविद्यालय की कक्षाएं किराए के कमरों में चल रही हैं जबकि दाड़लाघाट में नवनिर्मित अस्तपाल भी कई महीनों से बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन इसे शुरू करने में इतना समय क्यों लग रहा है?
जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अनिल गुप्ता ने कहा है कि प्रदेश का यही एकमात्र कालेज ऐसा था, जिसका शुभारंभ होते ही लगभग 45 बीघा जमीन पंचायत द्वारा कालेज के नाम करवा दी गई थी, लेकिन अपनी खुद की जमीन और भवन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत होने के बावजूद भी कालेज के भवन का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार से कालेज भवन का कार्य जल्दी शुरू करने की मांग की है।
जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अनिल गुप्ता, सुरेन्द्र वर्मा, अरुण शुक्ला, तिलक शर्मा, कमल कांत चंदेल, सोहन लाल ठाकुर, पवन ठाकुर, इंदर सिंह, उमेश, राजेश शर्मा, प्रेम केशव, जगदीश ठाकुर, दीपक गजपति, मनोज ने कहा है कि दाड़लाघाट अस्तपाल का भवन भी तैयार हो चुका है परंतु इसे चालू करने में इतनी देर क्यों हो रही है, जबकि शालाघाट से भराड़ीघाट नेशनल हाईवे 205 की हालत भी खस्ता हो चुकी है। उन्होंने प्रदेश सरकार व पूर्व मुख्यमंत्री तथा अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरभद्र सिंह से मांग की है कि क्षेत्र में लोगों को हो रही समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाए जिससे स्थानीय लोगों को किसी भी तरह की परेशानी ना हो।
