देहरा : गुंडागर्दी पर उतरे कांग्रेस नेता सुरिंदर मनकोटिया के चहेते : बिक्रम ठाकुर
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने अपने हलके में एक युवक की बेरहमी से हुई पिटाई के मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने सुक्खू की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ लगता है और इस क्षेत्र में एक युवक को किस तरह बेरहमी के साथ पीटा गया। बिक्रम ठाकुर ने जदामण गांव से जीवन कुमार नामक युवक की बेरहमी से हुई पिटाई के मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता के इशारे पर जीवन कुमार को उसके घर के निकट बेरहमी के साथ पीटा गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और अभी तक दोषियों के खिलाफ कोई भी कार्रवाई न होना चिंताजनक है।
बिक्रम ने जसवां परागपुर क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को कांग्रेस का सियासी आतंक बताते हुए कहा कि किसी भी सूरत में इस तरह के कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिक्रम ठाकुने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि लोक निर्माण विभाग में एक कार्य के लिए 10 फीसदी कमीशन के चलते इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। अपने आप को सीएम का खासमखास बताने वाले नेता ने कानून का सहारा क्यों नहीं लिया? आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के इशारे पर उसके सगे संबंधियों तथा अन्य समर्थकों ने घर जाकर जीवन कुमार नामक युवक पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसे शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जीवन कुमार की पत्नी का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वे न्याय की गुहार लगा रही हैं लेकिन अभी तक पुलिस ने दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया है । उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर जीवन कुमार द्वारा हमारे खिलाफ भी वीडियो पोस्ट किए गए थे लेकिन हमने अपने किसी भी कार्यकर्ता को कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया। हमने कानून का सहारा लिया और इस बाबत पुलिस में शिकायत की।
