देहरा : राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में भौतिक विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० अंजू रानी चौहान ने किया। विभागाध्यक्ष प्रो० संजीव जसवाल ने प्राचार्या का स्वागत किया। उन्होंने भौतिकी विभाग के विद्यार्थियों से कहा कि आज का दिन चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग की ऐतिहासिक उपलब्धि की वर्षगांठ का प्रतीक है । इस वर्ष की थीम है- “आर्यभट्ट से गगनयान : प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाओं तक”.इस थीम का उद्देश्य भारत की प्राचीन खगोल परंपरा और आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान को जोड़ते हुए आने वाले भविष्य की ओर संकेत करना है। आर्यभट्ट की खोजों से लेकर गगनयान मिशन की तैयारियों तक यह यात्रा बताती है कि भारत न केवल अतीत से सीख रहा है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों के लिए भी पूरी तरह तैयार है. भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण इतिहास में इस ऐतिहासिक क्षण के उपलक्ष्य में इस दिन को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया गया। यह इसरो की उल्लेखनीय प्रगति का सम्मान करता है, और देश की बढ़ती अंतरिक्ष क्षमताओं पर गर्व की भावना जगाता है। भौतिकी विभाग के छात्र छात्राओं द्वारा भी विभिन्न विषयों पर व्याख्यान प्रस्तुत की गई । इस अवसर पर डॉ. विकास धीमान, डॉ. शगुन, डॉ. कपिल सूद, प्रो० राज कुमार परमार, प्रो० कंचन और प्रो० पीताम्बर आदि उपस्थित रहे।