देहरा: 'इंडिया' के दल भारत और सनातन के विरोधी : विनोद शर्मा

भारत का नाम देश के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। जो राजा दुष्यंत, ऋषभदेव और राजा दशरथ के पुत्र भरत के शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति अनुराग का प्रतीक है। भरताम निवास, भारतम हमारे ग्रंथों में अंकित है। भाजपा के जिला प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि देश में सनातन धर्म, वंंदेमातरम, भारत माता की जय, तिरंगा कुछ ऐसे शब्द हैं, जिनसे देश के एक वर्ग को तकलीफ हो रही है। इसी वर्ग के साथ कांग्रेस भी साथ खड़ी है, जो देश के लिए चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि देश में विदेशी ताकतों की फंडिंग पर एक षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसमें 'इंडिया' के सभी दल शामिल हैं। जिनको हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान से कोई लगाव नहीं है।
विनोद शर्मा ने कहा कि 'सना' का अर्थ निरंतर व 'तन' का अर्थ वर्तमान होता है जो अपने वर्तमान में निरंतर विकास पथ पर अग्रसर रहता है, वही सनातन है। 'वसुधैव कुटुंबकम का और सर्वे भवंतु सुखिन' का दृष्टिकोण भी सनातन में निहित है। लेकिन 'इंडिया' के घटक दल एक सुनियोजित षड्यंत्र के चलते भारत और सनातन के विरोध में राष्ट्रव्यापी मुहिम चला रहे हैं, जिसकी निंदा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस स्थिति का मुकाबला करने के लिए भाजपा कृत संकल्प है। उन्होंने आम जनमानस से भी इसका विरोध करने का आह्वान किया है।