देहरा : दोदू राजपूतां में पंचायत घर निर्माण में नहीं हो रही राजनीति : विनोद शर्मा
भारतीय जनता पार्टी जसवां-परागपुर मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला देहरा प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि दोदू राजपूतां में पंचायत घर निर्माण में कोई राजनीति नहीं हो रही है। जो लोग आरोप लगा रहे हैं, वे ही इस विषय में राजनीति कर रहे हैं। विनोद ने कहा कि जिस स्थान पर यह पंचायत घर बनाया जा रहा है, वह सबसे उपयुक्त है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, जब उनसे जमीन मांगी गई थी तो किसी ने भी इसके लिए हामी नहीं भरी थी। अब जब पंचायत घर का निर्माण होने जा रहा था, तो इसे रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
विनोद शर्मा ने कहा कि कुछ लोग जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। पंचायत का विकास हो इसके लिए सब एक होकर आगे आएं न कि हर मुद्दे को राजनीति का रूप दें। इस विषय पर दलगत राजनीति से उठकर सब एक हो जाएं।
