धर्मशाला: आशीष बुटेल ने चचियां में 110 मेधावी छात्रों को बांटे टैब
-बोले, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों में होगा बच्चों का समग्र विकास
मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा एवं शहरी विकास आशीष बुटेल ने आज शहीद राकेश कुमार वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चचियां के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर छात्रों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कार्यक्रम में दसवीं तथा बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले पालमपुर विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले 110 मेधावी छात्रों को टैबलेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि श्रीनिवास रामानुज योजना के तहत जिला कांगड़ा में सरकार द्वारा कुल 1997 विद्यार्थियों को ये टैबलेट प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीद राकेश कुमार, शहीद संजय कुमार तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहे पीसी कपूर इस विद्यालय से पढ़े हैं।
सीपीएस ने कार्यक्रम में उपस्थित अमर शहीद राकेश कुमार के परिवारजन तथा अन्य वीर बलिदानियों के परिजनों को नमन किया। बुटेल ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार शिक्षा क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्टेट ऑफ दी आर्ट राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है। बुटेल ने कहा कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ इन स्कूलों में बच्चों के समग्र विकास के लिए खेल तथा अन्य को-करिकुलर गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकारी स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए सरकार द्वारा 40000 डेस्क दिए जाएंगे।
