धर्मशाला: सीयू के धर्मशाला कैंपस के लिए जल्द जमा करवाई जाए राशि : अनुराग ठाकुर
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने सीयू के धर्मशाला कैंपस के निर्माण के लिए जल्द राशि जमा करवाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि जल्द से जल्द राशि जमा करवाई जाए, ताकि इसका काम जल्द शुरू हो सके।' केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा व धर्मशाला में दो कैंपस बनने हैं। एक की अनुमति मिल चुकी है और इसका काम शुरू हो चुका है। धर्मशाला कैंपस की अनुमति मिली है, लेकिन अभी पैसा जमा नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला में बनने वाले करीब 510 करोड़ रुपये के कैंपस को 30 करोड़ रुपये की दरकार है। प्रदेश सरकार की ओर से 30 करोड़ रुपये जमा नहीं करवाए जाने से धर्मशाला के जदरांगल में 30 प्रतिशत बनने वाला सीयू का नार्थ जोन कैंपस लटका हुआ है। जदरांगल में सीयू के निर्माण को लेकर 57.10 हेक्टेयर भूमि पर निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। इसके बावजूद फीस जमा नहीं होने के कारण इसका निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। दूसरी ओर देहरा में बनने वाले सीयू के 70 फीसदी कैंपस का निर्माण कार्य जोरों-शोरों से चला है।
