धर्मशाला: शहीद रोहित को भारत माता की जय के नारों के साथ दी अंतिम विदाई
-पैतृक गांव लंज में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
-बहन रीता देवी ने दी भाई को मुखाग्नि, शोक में डूबा पूरा क्षेत्र
अरुणाचल प्रदेश में सेना की अटलरी बटालियन में चीन सीमा पर पेट्रोलियम के दौरान शहीद हुए जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा के तहत लंज खास पंचायत के 25 वर्षीय रोहित का राजकीय सम्मान के साथ लंज खास में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में जनसैलाब उमड़ा तथा युवाओं तथा नगारिकों ने भारत माता की जय के नारों के साथ शहीद को अंतिम विदाई दी। बहन रीता देवी ने अपने भाई को मुखाग्नि दी। एडीसी कांगडा रोहित जस्सल, तहसीलदार कांगडा मोहित रतन पंचायत प्रधान रेखा देवी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 25 वर्षीय रोहित अरुणाचल प्रदेश में सेना की अटलरी बटालियन में चाइना बॉर्डर पर पेट्रोलियम के दौरान ग्लेशियर पर पैर फिसलने से शहीद हो गए थे। मंगलवार तीन बजे के करीब रोहित के मामा को आर्मी के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहित पैट्रोलिंग के लिए साथियों के साथ जा रहा था तो अचानक उसका पैर फिसल गया है, वह ग्लेशियर की पहाड़ी से गिर गया। जब तक उसको वहां से निकाला गया, तब तक रोहित शहीद हो चुका था। रोहित के मामा पवन कुमार ने बताया कि रोहित दो महीने पहले ही 3 नवंबर को छुट्टी काट कर गया था।
