धर्मशाला : पैतृक गांव लंज पहुंची शहीद रोहित की पार्थिव देह
-लंज स्कूल के विद्यार्थियों ने सेल्यूट कर किया नमन
अरुणाचल प्रदेश में एक ग्लेशियर पर पैर फिसलने से खाई में गिरने से शहीद हुए कांगड़ा जिले के 25 वर्षीय जवान रोहित कुमार की पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव लंज पहुंची।
इस दौरान लंज स्कूल के विद्यार्थियों ने सेल्यूट कर शहीद रोहित को नमन किया। शहीद की प्रारंभिक शिक्षा इसी स्कूल से हुई थी। रोहित कुमार वर्ष 2018 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पूर्वोत्तर अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा पर ड्यूटी पर तैनात थे।
गौर रहे कि गत सोमवार को ग्लेशियर पर पैर फिसलने से रोहित कुमार गहरी खाई में गिर गए थे। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें खाई से बाहर निकाला गया। उन्हें सेना अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नौजवान की शहादत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे मां और बहन को छोड़ गए।
