मंडी : 30 मई लगेगा ईट राइट मेला
मंडी के पड्डल मैदान में 30 मई सोमवार को ईट राइट मेला आयोजित किया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों की शृंखला में लगने वाले इस एक दिवसीय मेले का उद्देश्य लोगों को उत्तम आहार को लेकर जागरूक करना है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल ने आज (बुधवार) को मेले की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता के बाद दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा देश के सभी जिला मुख्यालयों में ईट राइट मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 मई को मंडी में एफएसएसएआई के साथ मिलकर मेले के आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग मंडी को नोडल विभाग बनाया गया है। उनके अलावा अन्य सभी संबंधित विभागों की भी सहभागिता तय बनाकर उनका पूरा सहयोग लिया जाएगा।
जतिन लाल ने कहा कि लोगों को बीमारियों से निजात मिले तथा वे स्वास्थ्यवर्धक भोजन करें, स्वाद के के साथ सेहत और आहार की पौष्टिकता पर ध्यान दें, यही मेले का मुख्य मकसद है। अतिरिक्त उपायुक्त ने मेले की सफलता के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित करने तथा प्राकृतिक खेती को लेकर जागरूकता के लिए पड्डल मैदान में लगभग 27 स्टॉल व प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। 30 मई प्रात: 7 बजे 14-16 तथा 16-18 आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए वॉकथॉन आयोजित की जाएगी। मेले में स्लो साइकिल रेस का भी आयोजन रहेगा। इस अवसर पर लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे । समारोह का शुभारंभ प्रात: 10 बजे तथा समापन सायं 5 बजे होगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेन्द्र शर्मा, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा अरूण चंद्र, उप-निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नवीन शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी हरि सिंह ठाकुर, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक, लक्ष्मण सिंह कनेट, जिला पर्यटन निरीक्षक रितेश पटियाल, सचिव जिला रैडक्रास सोसायटी ओ.पी. भाटिया सहित शिक्षा, कृषि, बागवानी, पर्यटन, जल शक्ति, विद्युत विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
