परवाणू में इंडोर स्टेडियम निर्मित करने के किए जाएंगे प्रयास

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि विभिन्न समाचार पत्र समूहों द्वारा पारंपरिक खेलों के आयोजन से युवा पीढ़ी को इन खेलों की तरफ आकर्षित करने में सहायता मिली है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के परवाणू में प्रदेश के एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र समूह द्वारा आयोजित 17 एवं 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कुश्ती प्रतियोगिता में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में 100 से अधिक लड़कों तथा लड़कियों तथा 19 वर्ष से कम आयु वर्ग में 50 खिलाडि़यों ने भाग लिया। डॉ.सैजल ने कहा कि समाचार पत्र समूहों द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से जहां प्रदेश में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिला है वहीं युवाओं को इन खेलों के महत्व एवं विस्तार का भी पता चला है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे पारंपरिक खेलों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कुश्ती एवं कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल विश्व स्तर पर जाने जाते हैं। इन खेलों में युवाओं को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि परवाणू में एक इंडोर स्टेडियम निर्मित करने का प्रयास किया जाएगा ताकि क्षेत्रीय स्तर पर पर अपनी प्रतिभा के जोहर दिखा रहे खिलाडि़यों को उचित सुविधाएं एवं मंच उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम उदीयमान खिलाडि़यों के लिए विशेष रूप से सहायक रहेगा। डॉ. सैजल ने कहा कि वर्तमान में कुश्ती विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय खेलों में अपना स्थान बना चुका है। अब लड़कियां एवं लड़के समान रूप से कुश्ती में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पुरूष एवं महिला पहलवान विश्व में अपना लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखने में सहायक है। उन्होंने कहा कि युवा यदि नियमित रूप से खेलें तो न वे केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे अपितु अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने में सहायक सिद्ध होंगे। डॉ. सैजल ने कहा कि समाचार पत्र समाज की परिस्थितियों का वास्तविक दर्पण हैं। समाचार पत्र सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के विभिन्न मुद्दों पर लोगों को जागरूक बनाते हैं। उन्होंने आशा जताई कि समाचार पत्र भविष्य में भी इन गतिविधियों के आयोजन में अग्रणी रहेंगे।
उन्होंने पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए दिव्य हिमाचल समाचार पत्र समूह की सराहना की। उन्होंने विजेताओं को सम्मानित किया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने कहा कि खेल युवा शक्ति को सही रास्ता दिखाने एवं उनका मानसिक एवं शारीरिक संतुलन बनाए रखने में सहायक है। उन्होंने इस अवसर पर खिलाडि़यों से आग्रह किया कि मातृ शक्ति का सदैव सम्मान करें। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर कसौली भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष दौलत ठाकुर, नगर परिषद परवाणू की पार्षद निशा शर्मा, किरन शर्मा, कृष्णा मंडयाल, संजय कुमार, अनीता शर्मा, भाजपा के प्रकाश शर्मा, दिव्य हिमाचल समाचार पत्र के जिला प्रभारी मुकेश कुमार, उप पुलिस अधीक्षक परवाणू योगेश रोल्टा, उद्योग संघ परवाणू के महासचिव सार्थक तनेजा, नगर परिषद परवाणू के कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता राहुल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।