कांगड़ा: परागपुर ग्राम पंचायत से अनिल वालिया ने भरा नामांकन
प्रदेश पंचायत चुनावों के गुरुवार को नामांकन के पहले दिन ग्राम पंचायत परागपुर कार्यालय में कई उम्मीदवारों द्वारा विभिन्न पदों हेतु नामांकन पत्र दाखिल किए गए।वहीं परागपुर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 1 से क्षेत्र के सुप्रसिद्ध समाजसेवी व लोगों के सुख दुख में हर समय शामिल होने वाले अनिल वालिया ने वार्ड सदस्य के तौर पर अपना नामांकन भरा।
इस अवसर पर उम्मीदवार अनिल वालिया ने कहा कि वार्ड पांच बनने के बाद वे अपने वार्ड का चहुंमुखी विकास करवाएंगे।उन्होंने कहा कि पिछले काफी समय से जो वार्ड नंबर 1 के विकास को ग्रहण लगा हुआ है,वे चुनाव जीतने के बाद सबसे पहले उस ग्रहण को दूर करेंगे और संपूर्ण वार्ड का भरपूर विकास करवाएंगे।
विकास कार्यों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सबसे पहले वे अपने वार्ड में सोलर लाइटें लगवाएंगे व उसके पश्चात सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करते हुए जो लिंक रोड काफी समय से टूटे हुए हैं उनकी रिपेयरिंग के साथ साथ नए लिंक रोड भी बनवाए जाएंगे।
