हिमाचल पंचायत चुनाव: आज से नामांकन शुरू,उम्मीदवार लगा रहे दफ्तरों के चक्कर
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए आज यानी 7 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार जरूरी दस्तावेजों को लेकर असमंजस में हैं और विभिन्न सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
स्टेट इलेक्शन कमीशन के अनुसार उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ 10 तरह के जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। दस्तावेज अधूरे होने की स्थिति में नामांकन पत्र रद्द भी किया जा सकता है। सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर किसी प्रकार का एनओसी नहीं, बल्कि सेल्फ डिक्लेरेशन देना अनिवार्य होगा।
नामांकन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले उम्मीदवारों को असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर यानी एआरओ से फॉर्म-18 लेना होगा और उसे सही तरीके से भरना होगा। इसके साथ पंचायत सचिव द्वारा जारी फॉर्म 18(क) और 18(ख) भी भरना जरूरी रहेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश की 3,754 पंचायतों में 7, 8 और 11 मई को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इस दौरान कुल 31 हजार 214 पदों के लिए उम्मीदवार अपने नामांकन भरेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को होगी, जबकि 14 और 15 मई को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। 15 मई को दोपहर तीन बजे चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे, जिसके बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे। प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना पंचायत मुख्यालय में मतदान वाले दिन ही की जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित होंगे। वहीं बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को ब्लॉक स्तर पर होगी।
इस बार प्रदेश में 3,754 प्रधान, 3,754 उपप्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। चुनाव में 50 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव प्रक्रिया के लिए पूरे प्रदेश में 21,678 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। आयोग ने निर्देश दिए हैं कि जहां मतदाताओं की संख्या अधिक होगी, वहां सहायक मतदान केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। महिला मतदाताओं की सुविधा के लिए कुछ मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी।
