सोलन : ऊर्जा मंत्री ने चायल में विद्युत उप केंद्र कार्यालय का किया शुभारंभ
मंत्री ने 5.53 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले 33 केवी विद्युत उप केंद्र चायल का शिलान्यास
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन
बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने आज चायल में नए विद्युत उप केंद्र कार्यालय का शुभारंभ किया तथा 33 केवी विद्युत उप केंद्र चायल का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस विद्युत उप केंद्र के निर्माण पर लगभग 5.53 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस विद्युत उपकेंद्र के बनने से लगभग दस हजार लोग लाभान्वित होंगे। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इस विद्युत उप केंद्र के निर्माण से जिला सोलन के तहसील कंडाघाट के चायल क्षेत्र एवं साथ लगती पंचायतें चायल, बांजनी, सकोडी, झंजा हिनर, दंगगील, नागाली, रहेर बुड, यशवंत नगर व गोड़ा तथा आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति सशक्त होगी तथा विद्युत उपकेंद्र के निर्माण से कम वोल्टेज की समस्या का भी निवारण होगा। उन्होंने कहा कि इस विद्युत उपकेंद्र से 11 केवी के पांच फीडर निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा सोलन जिला में 33 केवी के 14 उप केंद्र, 66 केवी के आठ उप केंद्र, 132 केवी के तीन उप केंद्र और 220 केवी के चार उप केंद्र स्थापित है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने के लिए दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत लगभग 1492 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री रोशनी योजना शुरू की गई है, जिसमें गरीब परिवारों को निःशुल्क बिजली कुनेक्शन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में गत साढ़े चार वर्षों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा 125 यूनिट से कम खपत वाले घरेलु उपभोक्ताओं को बिल में शत-प्रतिशत उपदान की सुविधा दी जा रही है, जिसका लाभ जिला के उपभोक्ताओं को मिलना आरंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि यह विद्युत उप केंद्र अगामी फरवरी, 2023 तक बनकर तैयार हो जाएगा। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि जिला सोलन में अब तक 68650 बिजली उपभोक्ताओं को 2.20 करोड़ रुपए की लागत का उपदान प्रदान किया गया है। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र कश्यप ने कहा कि चायल में विद्युत उप केंद्र खुलने से यहां के लोगों की बिजली की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि चायल पर्यटन का केंद्र रहा है।
विद्युत विभाग का उप केंद्र खुलने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के लोगों की पुरानी मांग पूर्ण होगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर नगर पंचायत कण्डाघाट के उपाध्यक्ष मनीष सूद, ग्राम पंचायत चायल की प्रधान ऊषा शर्मा, उप प्रधान पंकज ठाकुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, भाजपा ज़िला महामंत्री नंद राम कश्यप, पूर्व ज़िला परिषद सदस्य कुमारी शीला, रविंद्र परिहार, अजय धीमान, लोकेश्वर शर्मा, राजीव शर्मा, योगेंद्र वर्मा, मुनी लाल, संजीव सूद, निदेशक (तकनीकी) विद्युत बोर्ड संदीप शर्मा, अधीक्षण अभियंता एमएस गुलेरिया व वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता सोलन राहुल वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
