लोकनिर्माण विभाग उपमंडल धर्मपुर के रिकार्ड रूम में लगी आग,अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
डिंपल /धर्मपुर-मंडी: धर्मपुर मंडल के लोक निर्माण विभाग के उपमंडल स्थित रिकॉर्ड रूम में आग लगने की घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात अचानक आग लगने से रिकार्ड रूम में रखे दस्तावेजों को नुकसान हुआ। गनीमत रही कि रात के समय ड्यूटी पर तैनात चौकीदार को समय रहते आग का पता चल गया, जिससे कुछ महत्वपूर्ण रिकार्ड को बचा लिया गया। इस घटना की रिपोर्ट पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को आग लगने की सूचना मिली। आग के कारण रिकार्ड रूम में रखे रिकार्ड को नुकसान हुआ है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग धर्मपुर द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर धर्मपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लोनिवि धर्मपुर मंडल के अधिशासी अभियंता श्री अनिल शर्मा से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि रविवार रात को उपमंडल धर्मपुर के रिकॉर्ड रूम में आग लगी थी, जिसे रात्रि स्टाफ ने तुरंत काबू पा लिया। हालांकि, आग के कारण कुछ रिकार्ड को आंशिक नुकसान हुआ है। इस घटना की प्राथमिकी धर्मपुर पुलिस थाना में दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। धर्मपुर के डीएसपी संजीव सूद ने बताया कि पुलिस को आग लगने की सूचना सुबह मिली थी। इसके बाद धर्मपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। यह घटना जांच के दायरे में है और पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुटी है।
