करसाेग : गैस रिसाव के कारण रसोई घर में लगी आग दो बच्चों सहित एक महिला झुलसी 3 आईजीएमसी रेफर
राज सोनी। करसाेग
करसोग के सोमा कोठी में वीरवार को अचानक गैस रिसाव से भड़की आग में एक परिवार के दो बच्चों सहित एक महिला झुलस गई। जिन्हें इलाज के लिए तुरंत नागरिक चिकित्सालय करसोग पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आगामी उपचार के लिए शिमला रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार सोमा कोठी के गांव कवांडा में अचानक करीब दोपहर 12 बजे जब नेहा बच्चों को खाना गरम करने रसोई घर में गई, तो रसोई घर में गैस रिसाव के कारण जोरदार धमाका हुआ, जिसमें नेहा पत्नी करम चंद गांव कवांडा तथा अपूर्व सुनिधि पुत्री कर्मचंद जो कि सोमाकोठी क्षेत्र के रहने वाले हैं, झुलस गए।
इसमें नेहा लगभग 32 प्रतिशत झुलस गई। वही, सुनिधि 16 प्रतिशत व पूर्व 14 प्रतिशत झुलस गया। वहीं, तहसीलदार करसोग राजेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय कानूनगो को नागरिक चिकित्सालय में भेजकर पीड़ित परिवार के तीनों घायलों को सरकार की तरफ से तुरंत राहत के रूप में छह हजार रुपए की राशि प्रदान कर दी गई हैं। वही करसोग पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मामले की पुष्टि डीएसपी करसोग गीतांजलि ठाकुर ने की है।
