कमरुनाग मंदिर -यहाँ अरबों के खजाने की रक्षा करते है नाग

भारत एक धार्मिक देश है और यहां पर ऐसे मंदिर हैं जहां जो भी चढ़ावा आता है उसे तिजोरियों में बंद करके रखा जाता है। पर क्या आपने ऐसा मंदिर देखा है जहां अरबों का चढ़ावा सामने खुले में ही पड़ा रहता है। इसेआप अपनी आँखों से देख तो सकते हैं मगर उसे छू नहीं सकते।जी हाँ ये वो खजाना है जिसे सरकार तक नहीं छू पाई। आज हम बात कर रहे हैं एक ऐसे ही रहस्मयी मंदिर की, जो हज़ारों भक्तों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। हिमाचल प्रदेश के मंडी से लगभग 68 किलोमीटर दूर रोहांडा में स्थित है कमरुनाग मंदिर। यह मंदिर कमरूनाग देवता को समर्पित है। मंदिर के पास ही एक झील है, जिसे कमरुनाग झील के नाम से जाना जाता है। इसी झील में अरबों का खजाना दबा पड़ा है। दरअसल मान्यता है कि भक्त अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए इस झील में सोने-चांदी के गहने और पैसे चढ़ाते हैं।भक्त अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए ऐसा करते हैं और ऐसा हजारों साल पहले से ही होता आ रहा है। इसलिए झील पर आप अरबों - खरबों के खजाने की चमक दूर से ही देख सकते हैं। झील के खजाने पर लोगों की बुरी नज़र नहीं रहती क्योंकि इसकी रक्षा नाग करता है। एक मान्यता ये भी है कि इस पूरे पहाड़ पर और इस झील के आस-पास नाग रूपी छोटे-छोटे पौधे लगे हुए हैं, जो कि दिन ढलते ही इच्छाधारी नाग के रूप में आ जाते हैं। अगर कोई भी इस झील में इस खजाने को हाथ लगाने की कोशिश करता है, तो यही इच्छाधारी नाग इस खजाने की रक्षा करते हैं।
ये हैं इतिहास:-
पौराणिक कथा के अनुसार इस मंदिर का इतिहास महाभारत से जुड़ा हुआ है। दरअसल महाभारत के सबसे महान योद्धा ‘बर्बरीक’ जब युद्ध में लड़ने के लिए आए तो भगवान श्री कृष्ण जान चुके थे कि वह सिर्फ कमज़ोर पक्ष की तरफ से ही लड़ेंगे, तो रास्ते में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मण का भेष बनाकर उन्हें रोक लिया। उन्हें मालूम था कि बर्बरीक अगर कौरवों की तरफ से लड़े तो पांडवों की हार तय है। भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी धनुष विद्या की परीक्षा ली। इस दौरान बर्बरीक ने एक ही तीर से पीपल के सारे पत्ते बींध डाले। एक पत्ता श्रीकृष्ण ने अपने पांव के नीचे दबा रखा था लेकिन वह भी बींध चुका था। ब्राह्मण बने भगवान श्रीकृष्ण ने बर्बरीक से वरदान के रूप में उनका शीश मांग लिया। बर्बरीक ने अपना शीश उन्हें दे दिया लेकिन बदले में वचन मांगा कि जब तक महाभारत युद्ध खत्म नहीं होता उनके शीश में प्राण रहे और वह पूरा युद्ध देख सके। भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें वचन दिया कि ऐसा ही होगा। युद्ध खत्म होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण पांडवों को उनके पास लाए और उनकी पूजा अर्चना की तथा उन्हें वरदान दिया युगों युगों तक तुम्हारी महिमा जारी रहेगी तथा लोग तुम्हें देवता के रूप में पूजा करेंगे। इसके बाद पांडवों ने उन्हें अपना कुलदेवता मानकर पूजा की। माना जाता है कि कमरूनागघाटी में स्थापित मूर्ति भी पांडवों ने आकर स्थापित की थी। युद्ध के बाद इस झील का निर्माण भीम द्वारा किया गया।
इसलिए विशेष है कमरुनाग मंदिर :-
- कमरुनाग झील मंडी जिले से 9 हजार फीट ऊपर है।
- मंदिर तक पहुंचने के लिए 8 किलोमीटर ऊंचे पहाड़ों और घने जंगलों से होकर गुज़रना पड़ता है।
- कमरुनाग मंदिर के समीप स्थित है कमरुनाग झील जिसके अंदर अरबों का खजाना है।
- भगवान कमरुनाग को सोने-चांदी व पैसे चढ़ाने की परम्परा सदियों से चली आ रही है।
- झील के खजाने पर नहीं लोगों की बुरी नज़र नहीं पड़ती क्योंकि इसकी रक्षा नाग करता है।
- बरसात के दिनों में कमरूनाग मंदिर में गहरी धुंध होती है।
- कमरुनाग मंदिर में ठंड के दिनों में जाना काफी कष्टकारी होता है। इस वक्त पूरा इलाका बर्फ की मोटी चादर से ढक जाता है।
- कमरूनाग को बड़ा देव और बारिश का देवता भी कहा जाता है।
- मंदिर को जाने वाली खड़ी चढ़ाई वाले रास्तों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं है।
- ऐतिहासिक कमरूनाग झील की हर चार साल के बाद एक बार मंदिर कमेटी की ओर से सफाई की जाती है।
- हर साल जून महीने में 14 और 15 जून को बाबा कमरुनाग भक्तों को दर्शन देते हैं।
- कमरुनाग में लोहड़ी पर भव्य पूजा का आयोजन किया जाता है।
- कमरुनाग मंदिर के पहाड़ों पर नाग की तरह दिखने वाले कई पेड़ हैं।
किसी भी सरकार ने नहीं ली सुध:-
इस मंदिर का आकार काफी छोटा है। यहां हर साल आने वाले भक्तों की तादाद बढ़ती ही जाती है। विडम्बना की बात यह है कि महाभारत कालीन कमरूनाग मंदिर को सहेजने में प्रदेश की अब तक की सरकारों की ओर से कोई ईमानदार प्रयास नहीं हुए हैं। यही कारण है कि कमरूनाग के मंदिर तक पहुँचने के लिए उपयुक्त सड़क तो दूर की बात, पैदल चलने वालों के लिए मुकम्मल रास्ते तक नहीं बनाए गए हैं।