पूर्व विधानसभा अध्यक्ष परमार ने फतेहपुर और इंदौरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया दौरा
( words)

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने अपने त्रिदेव भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, उपाध्यक्ष पवन काजल और प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, विधायक नूरपुर रणवीर सिंह, इंदौरा की पूर्व विधायक रीता धीमान, ज्वाली से भाजपा प्रत्याशी रहे संजय गुलेरिया, प्रदेश सचिव विशाल चौहान, जिला अध्यक्ष रमेश राणा, प्रदेश के मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु, इंदौरा और फतेहपुर मंडल अध्यक्ष सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, फतेहपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के रियाली पुल, मंड, हालेड, भोगरवा, बड़ूखर का दौरा किया।
उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिन में रेस्क्यू किए गए 2209 लोगों के साथ भाजपा हर कदम साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रशासन से हुई बातचीत के तहत फतेहपुर उपमंडल में फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन भाजपा दोबारा सभी लोगों को उनके घर में सुरक्षित पहुंचाने तक मैदान में डटी रहेगी। इसके लिए सरकार व प्रशासन से लगातार समन्वय बनाकर भाजपा कार्य में डटी रहेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बताया कि इंदौरा और फतेहपुर में अब तक 994 लोगों को एयरलिफ्ट और 1005 लोगों को बोट के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। वहीं 210 लोगों को ट्रैक्टर और ट्रॉली के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान इंदौरा से कुल 1787 और फतेहपुर से 422 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि राहत शिविरों में पहुंचकर भाजपा ने हर व्यवस्था को जाना है, और जंहा कोई कमी नजर आई है, उसे संगठन अपने स्तर पर व प्रशासन के ध्यान में ला रही है। उन्होंने बताया कि सरकार को आगामी समय में पानी छोड़ने से पहले ही व्यवस्था को सुधारना होगा, और लोगों के घरों-खेतों को बचाने के लिए उचित कदम उठाने होंगे।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड जब भी पोंग डैम के गेट खोलता है उसके कारण हजारों हेक्टेयर जमीन पानी में जल मग्न हो जाती है और ऐसी ही घटना वर्ष 1988 में भी घटित हो चुकी है। जिससे लोग बेघर हो जाते हैं, अनाथ हो जाते हैं, पशु धन बह जाता है। परंतु दुख की बात है कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड कभी भी इस समस्या के बारे में गंभीरता से सोचता ही नहीं, जबकि इस योजना से बीवीएन जहां बिजली तैयार करता है वहीं राजस्थान प्रदेश को पानी की आपूर्ति होती है, इसी जल विद्युत प्रोजेक्ट के कृत्य के कारण लोगों के जनजीवन को हम राहत कोष के शिविरों में जाकर देख रहे हैं, बहती हुई जमीनों और खेत खलियानों को देख कर मन दूखी हो जाता है।
परमार ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि जहां सैकड़ों लोगों के घर उजड़ गए, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का हवाई दौरा करके वापस चले गए और फौरी राहत के लिए कोई फूटी कौड़ी तक नहीं दी और वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी वाह वाही लूटने के लिए रस्म निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में इस क्षेत्र की समस्या को वह जोरो शोरों से उठाएंगे, और लोगों के हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा मिले इसके लिए भी पूरे प्रयास करेंगे।
परमार ने कहा कि वहां पर जिस प्रकार इस आपदा के कारण किसानों की खेती और उनके माल मवैसी तबाह हुए हैं, उससे इस क्षेत्र को आर्थिक तौर पर और सामाजिक तौर पर भी एक बहुत बड़ा धक्का लगा है। इस संदर्भ में भाजपा की टीम ने लोगों को यह आश्वस्त किया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे और उसके बाद दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा और आवश्यकता अनुसार जहां भी जरूरत पड़ी वहां से मदद के लिए प्रयास करेंगे।
लोगों को जहां बिजली पानी की समस्या हो रही है उसके लिए विपिन परमार ने प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि तुरंत इस दिशा में लोगों की ऐसी जो भी मूलभूत समस्याएं हैं उनको बहाल किया जाए। बिजली के कारण लोगों की दैनिक स्थिति बड़ी प्रभावित हो रही है, पेयजल के लिए पानी न मिलने से बड़ी कठिनाई आ रही है, तुरंत प्रशासन इसके लिए दिन-रात करके इन समस्याओं का हल निकाले।