कुनिहार : गणपति एजुकेशनल सोसायटी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को किया प्रशिक्षित
रंजीत ठाकुर। कुनिहार
गणपति एजुकेशनल सोसायटी कुनिहार द्वारा विकास खंड टूटू हीरानगर की ग्राम पंचायत मूलबरी देवनगर में विभिन्न सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। सोसायटी समन्वयक रोशन लाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को मोमबती बनाने का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें महिलाओं को विभिन्न प्रकार की मोमबत्तियां बनानी सिखाई गईं। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं ने खासी रुचि दिखाई। सोसायटी का उद्देश्य महिलाओं का आत्मनिर्भर बनकर उनकी आजीविका को बढ़ावा देना और इस दीपावली को महिलाएं ग्रीन दीपावली के रूप में मना सके।
इस शिविर को सफल बनाने के लिए समाजसेवी राजेश्वरी शर्मा ने भरपूर सहयोग कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न सहायता समूह की महिलाओं ने राजेश्वरी शर्मा व सोसायटी का इस प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए धन्यवाद किया तथा आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित होते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इस शिविर में लगभग 30 महिलाओं ने मोमबती बनाने का प्रशिक्षण लिया।
