ढलियारा कॉलेज में स्वर्ण जयंती समारोह : दूसरे दिन केंद्रीय छात्र परिषद ने किया 'नवरंग' कार्यक्रम का आयोजन
देहरा। राजकीय महाविद्यालय ढलियारा स्वर्ण जयंती समारोह के दूसरे दिन केंद्रीय छात्र परिषद द्वारा नवरंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कॉलेज प्राचार्य सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस अंतर विभागीय कार्यक्रम में नौ अलग-अलग प्रतिस्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई और अपने विभाग के लिए मेडल हासिल किये।
उल्लेखनीय है कि ढलियारा कॉलेज अपने स्वर्ण जयंती समारोह मना रहा है और दो दिवसीय कार्यक्रम में पहले दिन संस्थापक सदस्य, पूर्व प्रिंसिपल, पूर्व प्राधयापक, पूर्व छात्र उपस्थित रहे थे और उन्होंने अपने अनुभव मंच से साझा किये थे। इसी कड़ी में शुक्रवार को दूसरे दिन एकल गान, एकल नृत्य, कविता पाठ, ग्रुप नृत्य, माइम एवं स्किट में अपनी अपनी टीम ने हिस्सा लिया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. अंजू आर चौहान ने मंच से छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी संस्कृति को बढ़ावा देना चाहिए और कॉलेज प्रशासन इसके लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम करता है और इसी कड़ी में कॉलेज में एक विशेष बोर्ड भी लगाया गया है, जो हमारी संस्कृति को बढ़ावा दे रहा है।
ये रहे विजेता
ग्रुप डांस में बीए प्रथम ने पहला, बीबीए द्वितीय ने दूसरा एवं बीसीए ने तृतीय स्थान हासिल किया तथा फेंसी ड्रेस में मुस्कान ने प्रथम एवं जेसमीन ने द्वितीय स्थान हासिल किया, एकल गान में विवेक कुमार ने प्रथम एवं काजल ने द्वितीय स्थान हासिल किया, एकल गान गीत गजल में निखिल ने प्रथम स्थान एवं दीक्षा ने दूसरा स्थान हासिल किया, एकल इंस्ट्रुमेंटल में बलजिंदर सिंह ने प्रथम एवं ललित ने दूसरा स्थान हासिल किया एवं काव्य पाठ में आवृति ने प्रथम एवं दीपक शर्मा ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
