दाड़लाघाट: राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़लाघाट को स्वर्ण जयंती क्लस्टर श्रेष्ठ ज्ञानोदय विद्यालय किया घोषित
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़लाघाट को स्वर्ण जयंती क्लस्टर श्रेष्ठ ज्ञानोदय विद्यालय घोषित किया गया है। श्रेष्ठ क्लस्टर ज्ञानोदय विद्यालय घोषित होने के साथ ही इस विद्यालय को सरकार की वित्तीय सहायता राशि से हर स्तर पर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इस पाठशाला में नए सत्र अप्रैल 2021 से स्मार्ट कक्षा कक्ष की सुविधाओं से पढ़ाई का कार्य आरंभ होगा। इसके अतिरिक्त सभी ढांचागत बेसिक सुविधाओं से इस पाठशाला को अत्याधुनिक रुप से स्तरोन्नत किया जाएगा। पाठशाला के मुखिया व केंद्रीय मुख्य शिक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि नए सत्र 2021 से नर्सरी कक्षा से पांचवी कक्षा तक के सभी बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। इस पाठशाला को आदर्श व श्रेष्ठ क्लस्टर पाठशाला घोषित किया जाना न केवल दाड़ला अपितु जिला वासियों एवं अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की समस्त जनता को भी यह गौरव की बात है क्योंकि इस निर्वाचन क्षेत्र की मात्र यह दूसरी सरकारी पाठशाला है जिसे यह गौरव प्राप्त हुआ है।
