हमीरपुर: शिवरात्रि पर बिल्केश्वर महादेव की मूर्ति पर चढ़ेगा 151 किलो फूलों का हार
हमीरपुर के ग्राम पंचायत चमनेड़ में स्थित बिल्केश्वर महादेव मंदिर का श्रृंगार कई क्विलंट फूलों से किया जाएगा। महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर मंदिर में स्थित भगवान भोलेनाथ की 35 फीट ऊंची मूर्ति पर 151 किलोग्राम फूलों का हार चढ़ाया जाएगा। इस दौरान हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा की पत्नी स्वाति जार तथा समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा की पत्नी संतोष शर्मा उपस्थित रहेंगी।
प्रकाश चंद शर्मा तथा विधायक आशीष शर्मा के सामूहिक सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। स्थानीय विधायक आशीष शर्मा ने समय समय पर मंदिर के विकास कार्य के लिए सहयोग किया है। मंदिर का फूलों से श्रृंगार करने के लिए दिल्ली से कर्मी आएंगे जिनका सहयोग स्थानीय लोग करेंगे। शिविरात्रि की रात्रि को भव्य जागरण का आयोजन किया जाएगा। कांगड़ा से संबंध रखने वाले पहाड़ी गायक भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करेंगे। शिवरात्रि वाले दिन फलहार का वितरण किया जाएगा तथा अगले दिन विशाल भंडारे का आयोजन होगा। बता दें कि जिला की ग्राम पंचायत चमनेड़ में स्थित यह ऐतिहासिक मंदिर न सिर्फ क्षेत्र की पहचान है बल्कि इसके प्रति हजारों लोगों की अटूट आस्था व विश्वास इसे खास बनाती है।
