हमीरपुर: पैतृक गांव में सीएम सुक्खू ने अपनी मां से लिया आशीर्वाद, भावुक हुईं संसार देवी
हमीरपुर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के तीन दिवसीय प्रवास पर हैं। शनिवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव भबड़ां का दौरा किया। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने अपनी माता संसार देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने घर पहुंचते ही सबसे पहले अपनी मां के पांव छुए और फिर दोनों ने एक दूसरे को गले लगा लिया। मुख्यमंत्री की मां संसार देवी भावुक नजर आईं जब उनका बेटा घर पर पहुंचा। इसके बाद, सीएम ने घर पर मौजूद अन्य परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की और बातचीत की।
सीएम सुक्खू के घर आने की खबर सुनकर गांव के अन्य लोग भी उनके घर के बाहर एकत्रित हो गए और उन्होंने सीएम का हाल-चाल पूछा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता एचआरटीसी में ड्राइवर थे, और वे एक सामान्य परिवार से हैं। मुख्यमंत्री 10 जनवरी को दोपहर बाद नादौन पहुंचे थे और 12 जनवरी तक अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में रहेंगे। वे रविवार शाम को शिमला के लिए रवाना होंगे, जबकि 14 जनवरी को उनका दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। यह नए साल में उनका गृह विधानसभा क्षेत्र का पहला दौरा है। इससे पहले, उन्होंने पिछले साल नवंबर में नादौन का दौरा किया था। इस दौरान, सीएम सुक्खू ने नादौन के लोगों के लिए करोड़ों रुपये के विकासात्मक कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।
