हमीरपुर: पूर्व सैनिक व महिला मंडल सम्मान समारोह आयोजित, आशीष शर्मा रहे मुख्य अतिथि
भाजपा मंडल ग्रामीण हमीरपुर ने रविवार को ग्राम पंचायत चौकी कनकरी के रिहाला मैदान में पूर्व सैनिक एवं महिला मंडल सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विधायक सदर आशीष शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा मंडल ग्रामीण के अध्यक्ष जसवीर सिंह ने की और कर्नल मोतीराम भारद्वाज बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विधायक आशीष शर्मा ने ग्राम पंचायत चौकी कनकरी, ताल, डिडवीं टिक्कर और साहनवीं के 326 पूर्व सैनिकों एवं सैन्य परिवारों तथा 38 महिला मंडलों को सम्मानित किया। इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक आशीष शर्मा का स्थानीय ग्रामीणों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आप सभी की उपस्थिति से कार्यक्रम में चार चांद लग गए हैं। पूरे विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों को सम्मान देना और उनसे लगातार संपर्क बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, वह हमेशा सैनिक ही रहता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी सैनिक समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य करते रहते हैं। उन्होंने भारी संख्या में पहुंची मातृशक्ति का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने के बहाने ठगा, लेकिन हमीरपुर की जनता सरकार के बहकावे में नहीं आई और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। सरकार ने बिजली मुफ्त देने का वादा किया, लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगाकर जनता पर बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा में हमीरपुर की जनता की आवाज उठाई, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। वह पिछले छह वर्षों से लगातार जनता की सेवा में लगे हैं और यह विधानसभा क्षेत्र उनका परिवार है, जिसके हर सुख-दुख में वह साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा बेरोजगार हैं और विकास कार्य ठप पड़े हैं। कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है। पूर्व कर्मचारियों को डीए और एरियर नहीं मिल रहा है। लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन भी नहीं मिल रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने गरीब जनता के साथ धोखा किया है। मित्रों पर सरकार मेहरबान है, जबकि जनता के लिए खजाना खाली है। उन्होंने बताया कि चारों पंचायतों में विधायक निधि एवं अपने प्रयासों से करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। ताल पंचायत में 29.20 लाख रुपये, 12 सोलर लाइट्स और 9 बेंच, चौकी कनकरी में 15.38 लाख रुपये, 8 बेंच और 7 सोलर लाइट्स, साहनवीं पंचायत में पुल के लिए 23 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जो जल्द ही बनकर तैयार होगा। इसके अलावा इस पंचायत में 30 लाख रुपये, 24 सोलर लाइट्स और 22 बेंच दिए गए हैं।
टिक्कर पंचायत में 18 लाख रुपये विधायक निधि से जारी कर विकास कार्य करवाए गए हैं। आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे और इस विधानसभा क्षेत्र को आदर्श बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही नौ पंचायतों की पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा, जिसके लिए प्राथमिकता के आधार पर योजनाएं तैयार की गई हैं। उन्होंने चारों पंचायतों के लिए 40 और सोलर लाइट्स स्वीकृत कीं।
कार्यक्रम में भगेटु पंचायत के पूर्व प्रधान अजय चंदेल ने सभी महिला मंडलों को 22 लीटर के प्रेशर कुकर भेंट किए और सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी शर्मा, प्रमोद पटियाल, कमलेश परमार, राजकुमारी ठाकुर, कैप्टन तिलक, सेना मेडल विजेता कैप्टन क्लेशर चंद, राष्ट्रपति मेडल विजेता सुभाष मिश्रा सहित विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, ग्राम केंद्र अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
