हमीरपुर: निजी होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, पंजाब की तीन महिलाएं रेस्क्यू
सदर पुलिस थाना ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भोटा के बैहण क्षेत्र में संचालित एक निजी होटल में देह व्यापार के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर पंजाब से संबंध रखने वाली तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया है। इनमें एक महिला अमृतसर और दो महिलाएं तरनतारन की बताई जा रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह राणा ने किया। उन्हें गुप्त सूत्रों से लंबे समय से होटल में अवैध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
दबिश के दौरान होटल में मौजूद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने रविवार रात को ही उनका मेडिकल परीक्षण करवाया और बाद में अदालत में पेश कर उनके बयान दर्ज किए। आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर हमीरपुर में रखा गया है, जहां उनकी सुरक्षा और काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है। रेस्क्यू की गई महिलाओं की उम्र 24, 29 और 30 वर्ष बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुटी हुई है, ताकि ऐसे अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
