हमीरपुर: सुजानपुर होली मेला विवादों में, बाहरी ठेकेदारों को बढ़ावा देने के आरोप
सुजानपुर का लगभग 230 वर्ष पुराना राष्ट्रीय होली मेला इस वर्ष विवादों में घिर गया है। स्थानीय दुकानदारों और युवा व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि मेले में भूमि आवंटन प्रक्रिया के तहत बाहरी ठेकेदारों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय कारोबारियों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्ष प्रति प्लॉट दर 7,500 रुपये थी, जबकि इस बार सरकार द्वारा पूरे चौगान मैदान को एक गैर-हिमाचली व्यक्ति को सौंपे जाने की चर्चा है। इससे प्लॉट दरों में मनमानी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। कुछ लोगों ने इसे करोड़ों रुपये के संभावित घोटाले से भी जोड़कर देखा है।
मेला मैदान में सरस्वती मेला, विभिन्न विभागों के स्टॉल, तीन नर्सरियां, लगभग 450 प्लॉट, 20 बड़े फर्नीचर स्टॉल, पार्किंग स्थल तथा दो बड़े डोम (प्रत्येक में करीब 200 दुकानें) शामिल हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए पारंपरिक व्यवस्था बहाल करने तथा प्लॉट आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से लागू करने की मांग की है। इस मौके पर स्थानीय व्यापारी विक्रांत चौहान, दीपक ठाकुर, आशु ठाकुर, दिनेश पंडित और राकेश कोट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
