हमीरपुर: 949 ग्राम नशे के साथ दो गिरफ्तार, नाकाबंदी के दौरान पकड़ी खेप
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना घुमारवीं की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर स्थित बलोह टोल प्लाजा के समीप एक कार से 949 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके पर हरियाणा के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात घुमारवीं थाना की टीम ने टोल प्लाजा के पास विशेष नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान फोरलेन से गुजरने वाले वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। मंडी की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रुकवाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 949 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान विकास (29) पुत्र चांद सिंह और सोमबीर (27) पुत्र रामफल, निवासी गांव अलादादरपुर, थाना गुहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशे के कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और मामले में गहन जांच की जा रही है।
