HRTC के पुराने सभी कार्ड होंगे खत्म, दी जाएगी हिम बस प्लस कार्ड की सुविधा

हिमाचल प्रदेश सरकार ने हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। लंबे समय से चल रहे सम्मान कार्ड, स्मार्ट कार्ड और ग्रीन कार्ड अब खत्म किए जा रहे हैं। इन कार्ड्स की जगह सरकार एक नई योजना के तहत हिम बस प्लस कार्ड जारी करेगी। इस नई स्कीम में यात्रियों को बसों में सफर के दौरान किराए में आकर्षक छूट मिलने के साथ कैशबैक का भी लाभ मिलेगा। जिससे आम लोगों की जेब पर बोझ कम होगा और यात्रा और भी किफायती बन जाएगी। यह फैसला खासकर नियमित यात्रियों के लिए राहत की खबर है। HRTC की बसों में सफर करने वालों को प्रदेश और बाहरी राज्यों में यात्रा करने पर किराए पर आकर्षक छूट दी जाएगी। हिम बस प्लस के जरिए 60 साल से कम उम्र के यात्रियों को किराए में 5 फीसदी की छूट दी जाएगी। वहीं, सीनियर सिटीजन को किराए में 15 फीसदी की छूट मिलेगी। ये हिम बस प्लस एक साल के लिए बनाया जाएगा। जिसके लिए यात्रियों को 365 रुपए खर्च करने पड़ेंगे। इसके बाद यात्री HRTC की बसों में रोजाना सफर करने पर किराए में छूट की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। भले ही लोग प्रदेश में या फिर HRTC की बसों में बाहरी राज्यों में सफर कर रहे हों, किराए में छूट का लाभ दोनों ही स्थितियों में मिलता रहेगा। इस हिम बस प्लस में किलोमीटर में यात्रा करने की कोई शर्त लागू नहीं होगी। HRTC की बस जहां तक जाएगी, यात्री वहां तक किराए में छूट का लाभ उठा सकते हैं।
HRTC की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को किराए में छूट मिलने के साथ हिम बस प्लस बनाने पर कैशबैक की सुविधा भी मिलेगी। जिसके लिए परिवहन निगम प्रबंधन ने स्लैब तय किया है। इसके मुताबिक एक महीने में 1000 से 1500 रुपए की यात्रा करने पर 100 रुपए कैशबैक की सुविधा मिलेगी। इसी तरह 1501 से 2000 रुपए की यात्रा करने पर 200 रुपए, 2001 से 3000 रुपए तक की यात्रा करने पर 300 रुपए, 3001 से 4000 रुपए की यात्रा करने पर 400 रुपए, 4001 से 5000 की यात्रा करने पर 750 रुपए, 5001 से 7500 की यात्रा करने पर 1000 रुपए, 7501 से 10,000 की यात्रा करने पर 1500 रुपए और महीने में 10,000 रुपए से अधिक यात्रा करने पर 2000 रुपए की कैशबैक की सुविधा का लाभ मिलेगा। हिम बस प्लस बनाने पर वोल्वो बसों में अब न सिर्फ बेहतरीन सफर का अनुभव होगा, बल्कि किराए पर भी छूट मिलेगी। लंबी दूरी की यात्राओं को और सुविधाजनक बनाने के लिए यह कदम यात्रियों की जेब और सफर दोनों के लिए राहत साबित होगा। वर्तमान में HRTC के बड़े में कुल 3184 गाड़ियां शामिल है। जिसमें सभी तरह की बसों की संख्या 3087 है, इसमें 2008 ऑर्डिनरी बसें, डीलक्स बसें 30, एसी ऑर्डिनरी बसें 50, वोल्वो बसें 98, JNNURM मिनी बसें 791, इलेक्ट्रिक की 110 बसें शामिल है। इसके अलावा परिवहन निगम के पास इलेक्ट्रिक वैन 50, टेंपो ट्रैवलर 29 व इनोवा की संख्या 18 है।
हिमाचल में अभी HRTC की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को किराए में छूट देने के लिए तीन तरह के सम्मान कार्ड, स्मार्ट कार्ड और ग्रीन कार्ड बनाए जाते हैं। ये सभी तरह के कार्ड 100 रुपए में एक साल के लिए बनते हैं। जिसमें सम्मान कार्ड में किराए में 30 फीसदी की छूट दी जाती है। ये कार्ड केवल सीनियर सिटीजन यानी जिनकी उम्र 60 साल से अधिक है, उन्हें इस कार्ड की सुविधा का लाभ मिलता है। इसी तरह से स्मार्ट कार्ड बनाने पर किराए में 10 फीसदी की छूट मिलती है। ये कार्ड भी 100 रुपए में एक साल के लिए बनाया जाता है। इसके अलावा तीसरा ग्रीन कार्ड है। जो 100 रुपए में एक साल के लिए बनाया जाता है। इस कार्ड पर 50 किलोमीटर तक का सफर करने पर किराए में 25 फीसदी तक की छूट मिलती है, लेकिन हिम बस प्लस आने के बाद अब ये तीनों कार्ड खत्म हो जाएंगे। छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल में लोगों का सफर एचआरटीसी की बसों से ही जुड़ा हुआ हैं। ऊंचे-नीचे, टेढ़े-मेढ़े पहाड़ी सड़कों पर दौड़ती ये बसें न सिर्फ गांव से शहर और शहर से कस्बों तक लोगों को जोड़ती हैं, बल्कि रोजाना 5 लाख से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही का बड़ा सहारा हैं। यानी HRTC की बसों में हर महीने 1.50 करोड़ से अधिक यात्री सफर करते हैं। वहीं, HRTC को रोजाना 2 करोड़ की आय प्राप्त होती है, लेकिन प्रदेश में इस बार मानसून सीजन में सड़कें बंद होने की वजह से पिछले तीन महीने में ये कमाई घटकर 1 करोड़ रोजाना तक पहुंच गई थी। अब मानसून के विदा होते ही सड़कें खुलने लगी है। जिससे अब इन रूटों पर फिर से बसों की सेवा को शुरू किया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिर से आय में बढ़ोतरी हो सकती है।