हिमाचल: सरकार का बड़ा फैसला, सितम्बर 2024-2025 वाले अनुबंध कर्मचारी भी होंगे नियमित
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए 30 सितंबर 2024 और 30 सितंबर 2025 तक दो वर्ष की निरंतर सेवा पूरी करने वालों को नियमित करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को जारी निर्देशों के अनुसार, ऐसे कर्मचारी संबंधित नीतियों के तहत नियमितीकरण के पात्र होंगे और उन्हें क्रमशः इन तिथियों के बाद नियमित माना जाएगा। कार्मिक विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण से जुड़ी शर्तों और नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और ये पहले की तरह ही लागू रहेंगे। इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और उपायुक्तों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि पात्र मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि पहले इन कर्मचारियों को सितंबर के बजाय अगले वर्ष 31 मार्च को दो वर्ष की सेवा पूरी होने पर नियमित किया जा रहा था। अब सरकार ने दोबारा साल में दो बार मार्च और सितंबर में नियमितीकरण करने का फैसला लिया है।
