हिमाचल: ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी, 3-4 अप्रैल को फिर बिगड़ेगा मौसम, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों पर सोमवार रात ताजा बर्फबारी हुई। अटल टनल, शिंकुला और रोहतांग दर्रा इत्यादि क्षेत्र बर्फ की सफर्ड चादर से ढक गए। बर्फबारी से ऊंचे पहाड़ों पर फिर से ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार- राज्य के कई भागों में आज भी मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला में आज भी आंधी और तूफान का येलो अलर्ट जारी कर रखा है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं और गर्जना के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य भागों में मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है।
शिमला में भी आज सुबह के वक्त हल्के बादल छाए हुए है। अगले दो दिन यानी कल और परसों पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ेगा। इससे राज्य के मध्यम ऊंचे व मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा। IMD ने 3 और 4 अप्रैल को एक बार फिर से मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम के ये तेवर 5 अप्रैल तक बने रह सकते हैं।
मौसम में आए बदलाव के बाद तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का तापमान सामान्य से 10 डिग्री तक नीचे गिरा है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 10.8 डिग्री नीचे गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस रह गया, जबकि शिमला का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम होकर 15.8 डिग्री और धर्मशाला का तापमान 3.7 डिग्री की गिरावट के बाद 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
