हिमाचल: अप्रैल माह से डिपुओं में महंगा मिलेगा रिफाइंड तेल, जानें दाम
हिमाचल प्रदेश के डिपुओं में अब रिफाइंड तेल दस रुपए महंगा मिलेगा। अब तक डिपुओं में 125 रुपए में मिलने वाला तेल अब 135 रुपए में मिलेगा। इससे पहले एक महीना यानी मार्च माह में उपभोक्ताओं को रिफांइड तेल नहीं मिल पाया था। इस बार बढ़े हुए दामों संग खाद्य आपूर्ति विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया गया है, जो कि अप्रैल माह के पहले सप्ताह से ही डिपुओं में मिलना शुरू हो जाएगा। हालांकि राज्य के साढ़े 19 लाख उपभोक्ताओं को एक बार फिर से महंगाई का बड़ा झटका लगने जा रहा है।
वहीं, इस माह से ही सरसों तेल के दामों में सात रुपए की कमी के साथ 161 की बजाय 153 में मिल रहा है। अहम बात यह है कि इस बार अप्रैल माह से आटा भी 11 किलो की बजाय 12 किलोग्राम प्रदान किया जाएगा, जो कि इससे पहले 14 किलो था। वहीं एपीएल परिवारों को चावल पुरानी तर्ज पर ही छह किलो प्रति परिवार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही एनएफएसए, बीपीएल, पीएचएच व अंतोदय परिवारों को 35 किलो का राशन नि:शुल्क प्रदान किया जाएगा। इसमें 18 किलो 800 ग्राम यानी 19 किलो आटा एक रुपए 20 पैसे प्रति किलो यानी मुफ्त व 15 किलोग्राम चावल नि:शुल्क प्रदान किए जाते हैं।
