हिमाचल: सरकार ने वापिस लिया एंट्री टैक्स बढ़ोतरी का फैसला, आज रात से लागू होनी थी नई दरें
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पड़ोसी राज्य के साथ लगाए एंट्री टैक्स को वापिस ले लिया है। प्रदेश सरकार ने पांच सीटर और 6 से 12 सीटर वाहनों पर एंट्री टैक्स बढ़ाया था जिसे मंगलवार को सीएम सुक्खू ने वापिस ले लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि अब पहले की तरह पांच सीटर वाहनों से 70 रुपए और 6 से 12 सीटर वाहनों से 110 रुपए ही एंट्री टैक्स लिया जाएगा।
बता दें कि इससे पहले राज्य सरकार ने पांच सीटर वाहनों पर एंट्री टैक्स 70 से बढ़ाकर 170 रुपए और 6 से 12 सीटर वाहनों पर 110 से बढ़ाकर 130 रुपए किया था। इस फैसले का पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में विरोध शुरू हो गया था। खासतौर पर बॉर्डर एरिया में रहने वाले पंजाब के लोग इसके विरोध में सड़कों पर उतर आए थे। हिमाचल में भी इस निर्णय को लेकर विरोध देखने को मिला। नई दरें आज रात 12 बजे से लागू होनी थीं। इससे पहले पंजाब के लोगों ने हिमाचल के एंट्री पॉइंट बंद करने की चेतावनी दी थी। सरकार ने एंट्री टैक्स में 100 से 280 रुपये तक की बढ़ोतरी की थी। इसके विरोध में पंजाब सरकार ने भी हिमाचल के वाहनों पर टैक्स लगाने के संकेत दिए थे और मामला पंजाब विधानसभा में भी उठा था।
