हिमाचल के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने पीएम मोदी से की मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। राज्यपाल का पद संभालने के बाद यह उनकी प्रधानमंत्री के साथ पहली बैठक थी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हिमाचल प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुलाकात में राज्यपाल ने प्रदेश में चल रही प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें खासतौर पर नशामुक्त हिमाचल अभियान और टीबी-मुक्त हिमाचल अभियान शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य जनस्वास्थ्य को बेहतर बनाना और सामाजिक कल्याण को मजबूत करना है।
कविंद्र गुप्ता ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसान और बागवान तेजी से रसायन मुक्त कृषि पद्धतियों को अपना रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण और आय में वृद्धि की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। उन्होंने इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने तथा उनके विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने राज्य और केंद्र के संयुक्त प्रयासों को प्रदेश के समग्र और टिकाऊ विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इसके अलावा, राज्यपाल ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को राज्य की स्थिति और विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने हिमाचल प्रदेश की प्रगति और जनता के कल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
