हिमाचल: जाने कब होगा पश्चिमी विक्षोभ सक्रीय, कब होगी बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी। सुबह और रात में ठंड का असर जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर कोहरा छा सकता है। 16 फरवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो सकता है। मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार 17 और 18 को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इस संभावित बदलाव से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है, जबकि निचले और मध्य क्षेत्रों में मौसम अधिकतर शुष्क बना रहेगा। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क दर्ज किया गया, कहीं भी वर्षा या बर्फबारी नहीं हुई। मंडी जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा देखा गया।
तापमान की बात करें तो, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य के आसपास रहा। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस 8 से 0 डिग्री सेल्सियस के बीच, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 3 से 10 डिग्री और मैदानी क्षेत्रों में 5 से 12 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान -7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ऊना में बीते दिन का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। 16 फरवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर हिमाचल के ऊँचे क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। 17 व 18 फरवरी को कुछ क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है।
