हिमाचल: पंचायतों का किया जाएगा पुनर्गठन, 3,577 ही बनी रहेगी पंचायतों की संख्या
हिमाचल प्रदेश में नई पंचायतें नहीं बनेंगी, राज्य कैबिनेट ने नई पंचायतें बनाने के बजाए पंचायतों के पुनर्गठन का फैसला लिया है। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच यह प्रक्रिया शुरू की जा रही है। आवेदन भी पुनर्गठन के लिए ही मांगे गए हैं। हिमाचल प्रदेश में वर्तमान में ग्राम पंचायतों की संख्या 3,577 है। संख्या को नहीं बदला जाएगा, बल्कि पंचायतों के आकार में बदलाव होगा। पंचायत मुख्यालय से दूर वार्डों को नजदीक पड़ने वाली पंचायतों में ही जोड़ा जाएगा।
प्रदेश में जनवरी में पंचायतीराज संस्थाओं का कार्यकाल पूरा होने बाला है। ऐसे में उपायुक्तों ने चुनावों की तैयारियों के निर्देश दे दिए हैं। दूसरी ओर उपायुक्तों ने नई पंचायतों की पुनर्गठन के लिए 15 दिनों में आवेदन मांग लिए हैं। आवेदन मिलने के बाद इन पर विचार होगा और सुझाव और आपत्तियां भी मांगी जाएंगी। इस प्रक्रिया में डेढ़ दो महीने का समय लग सकता है। ऐसे में चुनाव जनवरी में निर्धारित अवधि में होंगे या नहीं इस पर अनिश्चितता बनी हुई है। लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग अपने स्तर पर पूरी तैयारियों में जुटा है। इस संबंध में सरकार को भी आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि तय समय पर चुनाव कराने की आयोग की सांविधानिक बाध्यता है। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नई पंचायतें नहीं बनेंगी बल्कि वार्डों का होगा पुनर्सीमांकन किया जाएगा है।
