हिमाचल: बर्फबारी न होने से बढ़ा तापमान, जाने कब तक रहेगा मौसम साफ
हिमाचल प्रदेश में रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद सोमवार को दिन के समय गर्मी का एहसास हुआ है।प्रदेश के कई इलाकों में दिसंबर में गर्मी का रिकॉर्ड टूटा है। सोलन में सोमवार को दिसंबर में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है। सोलन में 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पारा पंहुचा और इससे पहले साल 2016 में सर्वाधिक 28.0 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया था। शिमला और मनाली में भी नौ साल बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया है। सोमवार को जलाशयों से सटे जिला मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में सुबह-शाम के समय घना कोहरा छाया रहा। मंगलवार और बुधवार के लिए भी घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 17 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके चलते 20 और 21 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के करवट बदलने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं होने से मध्य व मैदानी जिलों में ठंडी हवाएं नहीं पहुंच रही है। इस कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने की संभावना है।
दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रात को शिमला का पारा सर्वाधिक रहा। रविवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 10.6, सुंदरनगर में 6.5, भुंतर में 8.0, कल्पा में 2.0, धर्मशाला में 7.0, ऊना में 7.7, नाहन में 9.8, पालमपुर में 7.0, सोलन में 5.0, मनाली में 6.9, कांगड़ा में 7.3, मंडी में 8.1, बिलासुपर में 8.5, हमीरपुर में 7.4, जुब्बड़हट्टी में 9.8, कुफरी में 10.6, नारकंडा में 8.1, रिकांगपिओ में 4.5, सेऊबाग में 4.6, बरठीं में 6.7, पांवटा साहिब में 9.0, सराहन में 5.3, देहरा गोपीपुर में 7.0, और बजाैरा में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।।
