हिमाचल: विधानसभा बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण से होगा शुरू
आज हिमाचल प्रदेश में विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा। इस बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत आज दोपहर बाद 2 बजे से राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। सत्र के पहले दिन सत्ता और विपक्ष दोनों की नजरें अभिभाषण पर टिकी रहेंगी, जिसमें सरकार अपनी नीतियों और उपलब्धियों को सदन में रखेगी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती, प्रवेश बिंदुओं पर कड़ी जांच और पास व्यवस्था को सख्ती से लागू किया गया है, ताकि सत्र शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा का 11वां बजट सत्र सोमवार, 16 फरवरी राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। आज सत्र के पहले दिन साप्ताहिक शासकीय कार्य सूची के बारे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू वक्तव्य देंगे। इसके बाद स्वीकृत विधेयक सभा पटल पर रखे जाएंगे। वहीं, आज लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगर निगम (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2025 (2025 का विधेयक संख्यांक 21) प्रस्तुत करेंगे। नगर एवं ग्राम योजना मंत्री राजेश धर्माणी भू-संपदा (विनयमन और विकास) हिमाचल प्रदेश संशोधन विधेयक, 2025 (2025 का विधेयक संख्यांक 22) प्रस्तुत करेंगे। इन दोनों विधेयकों पर पुनर्विचार किया जाएगा। इसके अलावा नियम-102 के तहत सरकारी संकल्प लाया जाएगा। उद्योग एवं संसदीय कार्य मामले पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान "प्रदेश को संविधान के अनुच्छेद 275 और 280 के तहत राजस्व सहायता अनुदान की राशि 5वें से 15वें वित्तायोग तक प्राप्त हो रही थी, जिसे अब 16वें वित्तायोग की सिफारिशों के अनुरूप केंद्र सरकार ने आगामी वित्तीय वर्ष से बंद कर दिया है", इसको लेकर प्रस्ताव पेश करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि विधानसभा सचिवालय को अभी 125 सवाल मिले हैं। इनमें 111 प्रश्न तारांकित और 14 प्रश्न अतारांकित हैं। इन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्यवाही के लिए भेजा गया है। इनमें मुख्यरूप से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि, स्कूलों का विलय, सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, नशे की रोकथाम, बढ़ते आपराधिक मामलों, सौर ऊर्जा और परिवहन व्यवस्था पर आधारित प्रश्न हैं। नियम 62 और 101 के तहत 2 सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं।
