हिमाचल: 16 फरवरी से शुरू होगा विधानसभा बजट सत्र, RDG कटौती बनेगा चर्चा का मुख्य विषय
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की चौदहवीं विधानसभा का ग्यारहवां सत्र आगामी 16 फरवरी 2026 से शुरू होगा। यह जानकारी शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने दी। उन्होंने बताया कि यह सत्र बजट सत्र होगा, जिसकी शुरुआत दोपहर 2 बजे होगी। बजट सत्र को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजरें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के चौथे बजट पर टिकी हुई हैं। कुलदीप सिंह पठानियां ने बताया कि राज्यपाल की संस्तुति प्राप्त होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। हालांकि बजट सत्र में कुल कितनी बैठकें होंगी और बजट किस दिन पेश किया जाएगा, इसको लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी। इसके बाद सदन में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए शोक प्रस्ताव रखे जाएंगे। इसके पश्चात सदन की विधायी कार्यवाही शुरू की जाएगी, जिसमें विभिन्न विधेयकों और प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
यह बजट सत्र राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश में राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच विपक्ष के तेवर इस सत्र में तीखे रह सकते हैं। बजट और वित्तीय स्थिति को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुक्खू इस सत्र में अपने कार्यकाल का चौथा बजट पेश करेंगे। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2025-26 का बजट 17 मार्च 2025 को प्रस्तुत किया था। ऐसे में इस बार के बजट से जनता और जनप्रतिनिधियों को कई अहम घोषणाओं की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सचिवालय सत्र के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर रहा है। सत्र के दौरान राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सरकार की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
