हिमाचल: कैबिनेट बैठक आज, RDG पर होगी चर्चा, बजट की तारीख भी होगी तय
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक आज सचिवालय में होगी। इस बैठक में राज्यपाल अभिभाषण को अनुमोदित किया जा सकता है। राज्य सरकार 16 फरवरी से बजट सत्र का आगाज कर रही है और पहले ही दिन गवर्नर एड्रेस होगा। इस बार राज्यपाल अभिभाषण भी राजस्व घाटा अनुदान बंद होने के आसपास ही रहने वाला है। इसके अलावा मंत्रिमंडल में नई भर्तियों को भी मंजूरी दी जाएगी।
मंत्रिमंडल की इस बैठक में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा में लैंग्वेज यानी भाषा के पेपर के पासिंग माक्र्स कम किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि वर्तमान में 45 नंबर पेपर पास करने के लिए रखे गए हैं। इन्हें कम करके 33 नंबर किया जा रहा है। बैठक में 13 फरवरी को होने वाली सर्वदलीय बैठक को लेकर भी चर्चा हो सकती है। साथ ही इस बैठक में बजट की तारीख भी होगी। इस बैठक का मुख्य मकसद राजस्व घाटा अनुदान बंद होने के बाद की स्थितियों पर चर्चा करना है। सरकार ने 16 फरवरी से बजट सत्र शुरू करने का फैसला लिया है। अभी इसे पहले 3 दिन नहीं रखा गया था। लेकिन अब यह चर्चा है कि 16 फरवरी से 20 फरवरी तक यह सत्र चल सकता है, क्योंकि राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा को समय देना होगा। इससे पहले 17 फरवरी को राजस्व घाटा अनुदान बंद होने के खिलाफ संकल्प प्रस्ताव पारित होगा। इस ग्रांट को दोबारा शुरू करवाने के लिए संकल्प पारित कर केंद्र को भेजना होगा।
