हिमाचल: ऊँचे क्षेत्रों में शीतलहर, निचले क्षेत्रों में घना कोहरा, जानें कब तक शुष्क रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD), शिमला के अनुसार, राज्य के निचले, मध्य और अधिकतर ऊंचे पहाड़ी इलाकों में फिलहाल बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं। हालांकि, 6 जनवरी को प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, लेकिन इसका असर सीमित रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 4 से 6 जनवरी तक निचले पहाड़ी और मैदानी जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर जिलों में सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है। इन इलाकों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति भी बन सकती है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान में भी अगले 3–4 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के संकेत हैं। हाल ही में कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस और बिलासपुर के बजौरा में अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस अवधि में राज्य में भारी बारिश, व्यापक बर्फबारी या आंधी-तूफान की कोई संभावना नहीं है। केवल 6 जनवरी को ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। साथ ही बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने और किसानों व बागवानों को पाले की संभावना को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।
