हिमाचल: HRTC बस पर पहाड़ी से गिरा मलबा, ड्राइवर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान
भरमौर–हड़सर–कुगती मार्ग पर चलने वाली एचआरटीसी की बस (HP-73-8780) पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गए, जिससे बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि घटना के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे। बुधवार सुबह हुए इस हादसे के दौरान जैसे ही पत्थर गिरने शुरू हुए, चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया। उसकी सतर्कता से सभी यात्रियों की जान बच गई।
बस रुकने के बाद जब यात्रियों ने नीचे उतरकर स्थिति देखी, तो उन्होंने चालक का आभार जताया। यात्रियों में शामिल अमित कुमार, किशन चंद, अशोक कुमार और प्रमोद कुमार ने बताया कि वे रोजाना इसी बस से यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी वे सामान्य रूप से यात्रा कर रहे थे, तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और बस का टायर सड़क से बाहर निकल गया। चालक ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया, जिससे सभी लोग बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
