हिमाचल में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों पर संकट, दो दिन का बचा स्टाॅक
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश के पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई चेन पर भी पड़ने लगा है। हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलिंडरों का संकट गहराने लगा है। हालात ये हैं कि कई जिलों में गैस वितरकों के पास होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों को देने के लिए महज दो दिन की ही सप्लाई बची है। गैस कंपनियों के बद्दी और ऊना स्थित बाटलिंग प्लांट में व्यावसायिक सिलिंडरों की रिफिलिंग का काम बंद होने से बाजार में नई सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो आने वाले एक सप्ताह में पर्यटन स्थलों सहित प्रदेशभर में होटल और ढाबा कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो सकता है।
इसके चलते कई राज्यों की तरह हिमाचल में भी व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। बद्दी और ऊना के बाटलिंग प्लांट में पिछले कुछ दिनों से रिफिलिंग का काम सीमित हो गया था, अब नए सिलिंडर भरने का काम बंद कर दिया गया है। इससे बाजार में सिलिंडरों की कमी महसूस होने लगी है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों शिमला, मनाली, धर्मशाला और कसौली में होटल और रेस्टोरेंट संचालक सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। प्रदेश के कई गैस वितरकों के पास व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलिंडरों का स्टाक समाप्त हो गया है। कुछ के पास एक-दो दिन का ही स्टाॅक पड़ा है। नई बुकिंग भी अब नहीं हो रही है। यदि अगले कुछ दिनों में सप्लाई बहाल नहीं हुई तो हिमाचल का पर्यटन सीजन भी प्रभावित हो सकता है।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की कृत्रिम कमी, जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसियों को स्टॉक और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड बनाए रखने और संभावित कमी की स्थिति में तुरंत विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों को आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी का पर्याप्त भंडारण बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि मौजूदा राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए मोटर स्पिरिट, हाई स्पीड डीजल और एलपीजी की सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी एजेंसियां अपनी अधिकतम क्षमता तक स्टॉक बनाए रखें।
