हिमाचल: मार्च की शुरुआत शुष्क, तापमान सामान्य से अधिक, जानें अपडेट
हिमाचल प्रदेश में मार्च महीने की शुरुआत शुष्क मौसम के साथ हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान बारिश-बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। IMD के अनुसार- किन्नौर, शिमला और सिरमौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में पूरे मार्च महीने सामान्य से कम बादल बरसेंगे। मार्च से मई के दौरान निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लू (हीट वेव) चलने 20 प्रतिशत अधिक की संभावना है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भी हल्की लू महसूस की जा सकती है। मार्च के आखिरी 10 दिनों के दौरान भी लू चल सकती है।
सोलन जिले को छोड़कर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में औसत न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। वर्तमान में भी प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक और औसत अधिकतम तापमान नॉर्मल से 4.8 डिग्री अधिक चल रहा है। कुछ शहरों में यह सामान्य से 9 डिग्री तक अधिक हो गया है। किन्नौर के कल्पा में अधिकतम तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री ज्यादा के साथ 16.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। भुंतर में 6.6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 25.9 डिग्री, शिमला में 5.2 डिग्री अधिक के साथ 18.5 डिग्री, कांगड़ा में 7.5 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 27.8 डिग्री और मनाली में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 6.0 डिग्री उछाल के साथ 18.6 डिग्री सेल्सियस हो गया है।
