हिमाचल: अब नहीं उठानी पड़ेगी भारी बोरी! पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया में हुआ महत्वपूर्ण बदलाव
हिमाचल प्रदेश पशुपालन विभाग ने पशु मित्र की भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। विभाग ने प्रशासनिक कारणों से शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया को आगे के आदेश तक रोक दिया है। हाल ही में इस परीक्षा के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिस पर विभाग ने स्पष्टीकरण दिया था कि यह परीक्षा सुरक्षा और कार्यक्षमता के लिए जरूरी है, न कि प्रतियोगिता के लिए। लेकिन अब प्रशासनिक कारणों से पूरी प्रक्रिया रोक दी गई है। बता दें कि पशु मित्र योजना के तहत चल रही भर्ती उस वक्त विवादों के केंद्र में आ गई, जब फिजिकल टेस्ट में अभ्यर्थियों को 25 किलो वजन की बोरी उठाकर दौड़ाने जैसी शर्त सामने आई।
वहीं विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से ठीक पहले सुक्खू सरकार ने पशु मित्र भर्ती की प्रक्रिया पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिए। आदेशों में भर्ती रोकने का कारण “प्रशासनिक वजहें” बताया गया है। हालांकि, यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब प्रदेश के कई क्षेत्रों में फिजिकल टेस्ट पूरे हो चुके थे और कुछ जगहों पर चयन भी किया जा चुका था। भर्ती रुकने से पहले जिन युवाओं ने फिजिकल टेस्ट पास कर लिया था और जिनका चयन हुआ था, वे अब सबसे ज्यादा असमंजस में हैं। उन्हें यह स्पष्ट नहीं है कि उनका चयन मान्य रहेगा या पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू की जाएगी। फिलहाल सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि भर्ती प्रक्रिया कब दोबारा शुरू होगी और फिजिकल टेस्ट की शर्तों में क्या बदलाव किए जाएंगे।
