हिमाचल : कई जिलों में आज ऑरेंज और येलो अलर्ट, जानिए मौसम अपडेट

हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपना केहर बरपाएगा। मौसम विभाग शिमला ने प्रदेश के छह जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सिरमौर के कई क्षेत्रों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही शनिवार से आगामी चार दिनों तक कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर के कई क्षेत्रों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है ।
हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वीरवार को मौसम साफ रहा। वीरवार शाम तक आनी-कुल्लू नेशनल हाईवे सहित प्रदेश में 347 सड़कें बंद रहीं। इसके अलावा 281 बिजली ट्रांसफार्मर व 145 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 164 व कुल्लू में 123 सड़कें बंद हैं।
बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी-कुल्लू के बीच धंस रहा है। पंडोह डैम से आगे डयोड के पास भी खतरा बना हुआ है। यहां सड़क का करीब 15 से 20 फुट हिस्सा धंस गया है। इसके चलते वीरवार दोपहर तीन घंटे के लिए यहां मरम्मत कार्य किया गया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। मंडी–कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को 10 से 12 घंटे से अधिक का समय लग रहा है।साथ ही बरोट-घटासनी मुख्य सड़क पर बुधवार रात करीब 1:00 बजे रेस्तरां के साथ लगती पहाड़ी से भूस्खलन होने से मलबा, चट्टानें और पेड़ गिरने से रेस्तरां परिसर को नुकसान पहुंचा है, जिससे साथ लगती मुख्य सड़क भी बाधित हुई।